
उदित वाणी जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बॉयलर न्यू सिटी में एक चिकन दुकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। आरोपी युवक ने दुकान से मोबाइल फोन चोरी किया और वहां से फरार हो गया। दुकान के मालिक ने बताया कि आरोपी की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।मालिक के अनुसार, युवक ने पहले दुकान की रेकी की और फिर मौके का फायदा उठाकर दुकान में घुसा। उसने पहले गल्ले को खोलने की कोशिश की, लेकिन गल्ला लॉक था, जिसके कारण उसे खोल नहीं पाया। इसके बाद आरोपी ने पास में रखा मोबाइल फोन उठाया और वहां से चलते बना। चोरी की इस घटना की सूचना दुकान मालिक ने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिनदहाड़े चोरी होने की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

