
* आतिशबाजी, महाभंडारा के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का हुआ समापन
* दिन भर श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता, आतिशबाजी, विधुत एवं पुष्प सज्जा रही आकर्षण का केंद्र
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में बने भव्य श्रीराम मंदिर की छठवीं वर्षगांठ शनिवार को उत्साह, भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाई गई. सुंदरकांड का संपूर्ण पाठ, राम दरबार पूजन और सामूहिक महाआरती के बीच पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दीप प्रज्वलित किए.
दीपोत्सव की भव्यता ने मोह लिया
शाम ढलते ही 51 सौ दीपकों की सुनहरी आभा से परिसर दीपावली सा जगमगा उठा. महिलाओं की रंगोलियां और जय श्री राम के दीपक आकर्षण बने रहे. जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू ने महाआरती में भाग लिया और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की.
चार दिवसीय अनुष्ठान का भव्य समापन
शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा, गरुड़ स्तंभ स्थापना एवं राम मंदिर वर्षगांठ पर चले चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन विशाल महाभंडारे से हुआ. 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. पुरुषों-महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था रही.
नेताओं के उद्गार
पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि जमशेदपुर की भक्ति अद्वितीय है, जो सूर्यधाम को आस्था का प्रतीक बना रही. संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने धार्मिक जागरण की सराहना की. अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए सामाजिक दायित्व निभाने का संकल्प दोहराया.

