
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागूनहातू डी ब्लॉक स्थित भारत सेवाश्रम के समीप शुक्रवार दोपहर एक व्यक्ति का शव उसके ही घर के कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया. मृतक की पहचान 39 वर्षीय शंभू दत्ता के रूप में हुई है.
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
मृतक की पत्नी ज्योति दत्ता ने बताया कि शंभू दत्ता साकची में चाय की दुकान चलाते थे, जबकि वह खुद मानगो के एक परिवार में काम कर भरण-पोषण करती हैं. शुक्रवार सुबह बारिश होने के कारण शंभू दुकान नहीं गए थे और घर पर ही थे.
दोपहर करीब 2 बजे उनकी बेटी पानी भरने के लिए कुएं के पास गई, तो देखा कि पिता कुएं में गिरे हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी.
ज्योति दत्ता ने कहा कि परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था. उनका अनुमान है कि संभवतः नहाने के दौरान शंभू का पैर फिसल गया और वे कुएं में गिर पड़े.
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सटीक जानकारी मिल सकेगी.

