
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के ट्यूब बारीडीह में रविवार देर रात एक स्कूटी की चोरी की घटना सामने आयी है. पीड़ित सूर्यकांत सिंह ने बताया कि उनकी होंडा एक्टिवा स्कूटी (संख्या जेएच 05 बीके 9387) घर के बाहर खड़ी थी. गाड़ी लॉक थी, लेकिन घर का मुख्य गेट खुला हुआ था. देर रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर गाड़ी को चोरी कर ले गया.
घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित ने बताया कि स्कूटी घर के बाहर रोजाना की तरह खड़ी की गई थी, लेकिन सुबह उठने पर वह गायब मिली.
इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक युवक स्कूटी का लॉक तोड़ने के बाद उसे लेकर जाते हुए स्पष्ट नजर आ रहा है. पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी हुई स्कूटी बरामद कर ली जाएगी.

