
उदित वाणी, उल्दा : उल्दा पंचायत स्थित श्री माता वैष्णो देवी धाम मंदिर परिसर में भगवान शंकर की एक विशाल मूर्ति का निर्माण कार्य आरंभ होने जा रहा है. यह मूर्ति 61 फीट ऊंची, 36 फीट लंबी और 27 फीट चौड़ी होगी. इसके चारों ओर संगीतमय फव्वारों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे प्रतिदिन शिव स्तोत्रों के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक संभव होगा.
इस मूर्ति के माध्यम से न केवल आस्था को नया स्वरूप मिलेगा, बल्कि यह स्थल झारखंड के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर भी नई पहचान स्थापित करेगा.
शिक्षा मंत्री ने किया वेबसाइट और ऐप का शुभारंभ
इस पावन कार्य की शुरुआत के अवसर पर झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उनके कर-कमलों से वैष्णो देवी धाम की आधिकारिक वेबसाइट www.matavaishnodevi.org और मोबाइल ऐप Matavaishnodevidham का शुभारंभ किया गया. यह ऐप श्रद्धालुओं को देशभर से ऑनलाइन दान, जाप और यज्ञ में भाग लेने की सुविधा देगा.
श्रद्धालुओं से जुड़ने की नई पहल
कार्यक्रम में वैष्णो देवी धाम उल्दा ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी हृदयानंद गिरी जी महाराज और ट्रस्टी राजकिशोर साहू भी उपस्थित थे. स्वामी हृदयानंद गिरी जी ने शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को सम्मान स्वरूप साल ओढ़ाकर और एक सुंदर पेंटिंग भेंट कर अभिनंदन किया.
उन्होंने कहा कि यह स्थल निकट भविष्य में एक भव्य धार्मिक केंद्र बनेगा, जहां श्रद्धालु आकर शिव भक्ति में लीन हो सकेंगे.
108 करोड़ मंत्र जाप का संकल्प
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मूर्ति निर्माण पूर्ण होने तक 108 करोड़ बार “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप कराया जाएगा. इसके लिए ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से धनदान और जापदान के माध्यम से इस कार्य में यथासंभव सहयोग देने की अपील की है.
स्थानीय जन-भागीदारी और विशेषज्ञों का सहयोग
पूरे आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, भक्तगण और ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे. मूर्ति निर्माण और तकनीकी व्यवस्था के लिए बाहर से विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है, ताकि कार्य पूरी श्रद्धा और कुशलता से सम्पन्न हो.

