
उदित वाणी, जमशेदपुर: आरटीआई कार्यकर्ता संघ की केन्द्रीय समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा और 12 अक्टूबर को आरटीआई दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेमिनार जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में आरटीआई कार्यकर्ताओं की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई, जिनमें मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति, आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाने और महासचिव कृतिवास मंडल और कार्यकर्ता सुनील कुमार मुर्मू के आरोपी के खिलाफ प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई करने की मांग शामिल है।
यदि सरकार इन मांगों को नहीं मानती है तो आरटीआई कार्यकर्ता संघ संसद के समक्ष धरना प्रदर्शन और न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से भी नहीं चूकेंगे। बैठक में तैयारी समिति का गठन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से आरटीआई कार्यकर्ता संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष दिल बहादुर, उपाध्यक्ष सदन कुमार ठाकुर, महासचिव कृतिवास मंडल और अन्य सदस्य शामिल हैं।
बैठक में दर्जनों आरटीआई कार्यकर्ता मौजूद थे, जिनमें सुलोचना देवी, मोमिता मुखी, सुनील कुमार प्रसाद, राजू बेसरा, सुनील कुमार मुर्मू, बिजय सिंह मुंडा और रंजित सिंह शामिल थे। बैठक का संचालन केन्द्रीय महासचिव कृतिवास मंडल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन बिजय सिंह मुंडा ने दिया।

