
उदित वाणी सरायकेला (पारस कुमार होता): चुनाव में जीत के अगले ही दिन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी एक्शन मोड में नजर आए। सोशल मीडिया पर पेयजल पंप हाउस की मशीन में खराबी के कारण जलापूर्ति बाधित रहने संबंधी संदेश वायरल होते ही उन्होंने स्वतः संज्ञान लिया और नवनिर्वाचित वार्ड कमिश्नरों व समर्थकों के साथ पंप हाउस पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पंप हाउस की जर्जर मशीनरी और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में गंदगी का अंबार देखकर उन्होंने गहरा रोष जताया। फिल्टर सिस्टम में जमी गाद, कीचड़ और काई पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और ठेकेदार को फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि लापरवाही और मिलीभगत से लोगों को दूषित पानी पिलाया गया है, जिसका खामियाजा जिम्मेदारों को भुगतना होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की “हर घर नल जल” जैसी योजनाओं की मंशा को बदनाम करने की कोशिश अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अध्यक्ष ने तत्काल नया मशीन खरीदकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने और सोमवार तक पूरे प्लांट की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर हाल में जलापूर्ति शाम तक शुरू हो जानी चाहिए और वह स्वयं सोमवार को पुनः निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने आगामी गर्मी को देखते हुए विभाग को अभी से तैयारी करने का अल्टीमेटम दिया और बिजली आपूर्ति को स्थायी समाधान देने के लिए जुस्को लाइन से जोड़ने का प्रयास करने की बात कही। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने तेली साही नदी घाट का भी जायजा लिया, जहां स्थानीय महिलाओं ने घाट की गंदगी की शिकायत की।
अध्यक्ष की इस त्वरित कार्रवाई से जहां आम लोगों में उत्साह देखा गया, वहीं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। निरीक्षण के दौरान वार्ड कमिश्नर अविनाश कवि, विक्रम मोदक और उत्तम महंती भी मौजूद थे। उन्होंने भी विभाग को अपनी कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया।
जनता के बीच इस कार्रवाई की सराहना हो रही है। कई लोगों ने इसे “पहले ही दिन काम वाली पहल” बताते हुए नगर प्रशासन से बेहतर व्यवस्था की उम्मीद जताई है।

