
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह में गुरुवार को हुई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पोटका सीएचसी में नर्स के पद पर कार्यरत 34 वर्षीय शिल्पी मुखर्जी की उसके पति साहब मुखर्जी ने बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद वह सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नांदुप रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, साहब मुखर्जी को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने पहले घर में गला दबाकर पत्नी को बेहोश किया और फिर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साहब ने अपने वाट्सएप स्टेटस और सुसाइड नोट के जरिए हत्या और आत्महत्या की बात कबूल की।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव बरामद किया। इसके साथ ही सुंदरनगर थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक से साहब मुखर्जी का शव बरामद किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतका के भाई अमित कुमार ने बताया कि शिल्पी की शादी चार वर्ष पूर्व साहब मुखर्जी से हुई थी। परिजनों के अनुसार, दंपती के बीच पिछले कुछ महीनों से अनबन चल रही थी, लेकिन हत्या जैसी वारदात की किसी को आशंका नहीं थी।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मोबाइल फोन, सुसाइड नोट व अन्य सबूतों को जब्त कर छानबीन में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

