
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के पिपला स्थित गांव बाघानंद में 30 और 31 अगस्त की दरमियानी रात हुई एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस घटना में परसुराम टुडू की हत्या उसकी पत्नी सुमन टुडू और उसके प्रेमी लच्छू हांसदा ने मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है।
इस मामले में मृतक के परिजन विरजू राय टुडू ने एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद जब पुलिस ने पत्नी सुमन से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह लंबे समय से लच्छू हांसदा से प्रेम संबंध में थी। पति परसुराम इस रिश्ते में बाधक बन रहा था। इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की रात लच्छू गालूडीह से पिपला आया और खेत में मौजूद परसुराम को मारने की साजिश को अंजाम दिया। पहले दोनों ने पास के पेड़ की एक मोटी टहनी काटकर लाठी बनाई और फिर कटारी के साथ मिलकर परसुराम पर हमला बोल दिया। लाठी और कटारी से लगातार वार करने के बाद परसुराम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग निकले।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सबूतों को जब्त कर लिया गया है। मामले की गहन जांच अभी जारी है।
गांव में इस वारदात से दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि परसुराम मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। उसकी हत्या ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए साक्ष्य अदालत में पुख्ता तरीके से पेश किए जाएंगे।

