
उदित वाणी, जमशेदपुर: अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में नीलाम पत्र वादों के निष्पादन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य लंबित मामलों के निष्पादन की गति बढ़ाना और विधिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाना था।
वारंट निष्पादन में गति लाने के निर्देश
SDM ने स्पष्ट निर्देश दिया कि न्यायालयों द्वारा निर्गत डिटेंशन वारंट (D/W) एवं बॉन्ड वारंट (B/W) पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि कोई भी वाद लंबित न रहे।
थाना प्रभारियों को दिए गए निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में संबंधित न्यायालयों से निर्गत वारंटों पर शीघ्र कार्रवाई करें। साथ ही, कार्रवाई के अनुपालन में प्रतिवेदन समय पर न्यायालय में जमा कराना भी सुनिश्चित करें।
प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह, पुलिस उपाधीक्षकगण तथा क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे। बैठक में सभी अधिकारियों को नीलाम पत्र वादों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया और आवश्यक समन्वय पर बल दिया गया।

