
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताज़ा मामला साकची बाजार के अपन्ना लाइन से सामने आया है, जहाँ सोमवार को दिनदहाड़े एक स्कूटी चोरों ने उड़ा ली। यह स्कूटी स्थानीय दुकानदार अजय कुमार की थी, जो दुकान के ठीक सामने पार्किंग में खड़ी थी। घटना रविवार शाम करीब 4 बजकर 58 मिनट पर हुई।
पूरी वारदात पास लगे बंद सर्किट कैमरे (सीसीटीवी) में कैद हो गई है। तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर बड़ी आसानी से स्कूटी को स्टार्ट कर फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार ने तुरंत इसकी शिकायत साकची थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिर भी आमजन के मन में सवाल उठ रहा है कि सीसीटीवी फुटेज और थाने में शिकायत दर्ज होने के बावजूद क्या गाड़ी वापस मिल पाएगी? क्योंकि आए दिन ऐसी घटनाओं के बाद भी वाहन मालिकों को अपनी संपत्ति वापस मिलने की गारंटी नहीं होती।
पीड़ित अजय कुमार की स्कूटी सुजुकी एक्सिस है, जिसका नंबर झारखंड 05 सीएफ 4266 और रंग ग्रे मेटालिक है। अजय कुमार की दुकान “रामशंकर अजय कुमार” अपन्ना लाइन (बंधकी लाइन, साकची) में स्थित है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपनी गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर लॉक सिस्टम लगाकर पार्क करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें।
इस घटना ने एक बार फिर से यह साफ कर दिया है कि “आपकी सुरक्षा आपके अपने हाथों में है।” इसलिए सावधान रहें, सतर्क रहें।

