
उदित वाणी, जमशेदपुर : बाल साहित्य पर आधारित लेखक सतीश मिश्रा की नई पुस्तक जंगलवेंचर्स का शानदार विमोचन बाल मेला, जमशेदपुर में हुआ, जिसमें 500 से अधिक दर्शकों की उपस्थित थे. कार्यक्रम में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक और वरिष्ठ राजनेता सरयू राय तथा टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) सुंदर रामन, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया, अशोक गोयल और मनोज सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे.
उन्होंने जंगलवेंचर्स की रचनात्मकता, बाल मनोविज्ञान की गहराई और पर्यावरणीय संदेश की प्रशंसा की. लेखक सतीश मिश्रा ने अपने संबोधन में दर्शकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जंगलवेंचर्स का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति से जोड़ना और उसके माध्यम से जीवन के मूल्य सिखाना है. कार्यक्रम में पुस्तक हस्ताक्षर सत्र और कहानी संवाद ने बच्चों और अभिभावकों को खूब आकर्षित किया.
इस रंगीन चित्रों और नैतिक संदेशों से सजी पुस्तक ने बाल पाठकों के बीच नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया. जंगलवेंचर्स झारखंड की साहित्यिक और सांस्कृतिक धरती में एक नई पहचान बना रही है तथा यह पुस्तक एमेजॉन और फ्लिपकार्ट पर भी उपलब्ध है. वहीं, आदित्या इंस्टीच्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो डॉ बी कुमार तथा उप निदेशक सुजय कुमार ने पुस्तक के लोकार्पण पर सतीश मिश्रा को बधाई दी. उन्होंने बताया कि श्री मिश्रा संस्थान के छात्र रह चुके हैं.

