
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट चौक के पास 28 जनवरी को सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान हुए बवाल के मामले में पुलिस ने शनिवार को दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत कराया था।
कलिंगा पूजा समिति की ओर से सोनारी संबलपुरिया बस्ती निवासी राहुल जाल के आवेदन पर केस दर्ज किया गया है। समिति का आरोप है कि तरुण बाल संघ के युवकों ने विसर्जन के दौरान उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। आरोप यह भी लगाया गया है कि घटना के दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की गई। इस संबंध में तरुण बाल संघ के सुजल साहू, जयंतो जाल, निखिल, रवि, दिवांशु कर्मकार, आर महतो, खट्टा, प्रेम, आशीष ठाकुर, तनु, सनी, पोल्टा सहित करीब 25 अज्ञात युवकों को आरोपी बनाया गया है।
वहीं, तरुण बाल संघ की ओर से सोनारी खूंटाडीह निवासी जयंतो जाल के आवेदन पर कलिंगा पूजा समिति के रोशन सेनापति, ऋषि सेनापति, गुल्लू महानंद, सिद्धार्थ महानंद, सत्यम, समीर, आर्यन, टन्नी, गोकुल उर्फ राहुल जाल और सूर्यकांत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सभी आरोपी संबलपुरिया बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की भूमिका तय की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
