
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी 77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को सिविल डिफेंस के क्षेत्र में उल्लेखनीय, सराहनीय और विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है. यह सम्मान न केवल संतोष कुमार की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल, टाटानगर रेल सिविल डिफेंस इकाई और समूचे जमशेदपुर शहर के लिए गर्व का विषय है.
दक्षिण पूर्व रेलवे के इतिहास में यह पहला अवसर है जब चक्रधरपुर मंडल से किसी सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर को राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है. यह पुरस्कार कर्तव्य के प्रति असाधारण निष्ठा, अनुशासन, सेवा भावना और संकट की घड़ी में उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के लिए प्रदान किया जाता है. संतोष कुमार ने अपने लंबे सेवाकाल में रेल सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी संतोष कुमार को वर्ष 2025 में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा पदक से सम्मानित किया जा चुका है. इसके अलावा उन्हें दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (2024) गार्डन रीच, कोलकाता में प्रदान किया गया था. वर्ष 2022 में पीसीएसओ अवार्ड, 2018 में सीनियर एसडीजीएम अवार्ड, तथा चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा 2002, 2005 और 2007 में सम्मानित किया जा चुका है. वहीं सीनियर डीईई अवार्ड उन्हें 2010 और 2017 में प्रदान किया गया, जिससे भारतीय रेल में उनके योगदान की निरंतरता और गुणवत्ता स्पष्ट होती है.
राष्ट्रपति अवार्ड की घोषणा के बाद टाटानगर रेल सिविल डिफेंस कार्यालय में हर्ष का माहौल रहा. सभी वॉलिंटियर्स ने अपने इंस्पेक्टर को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं. गार्डन रीच स्थित डीजीएम कार्यालय सहित चक्रधरपुर मंडल और टाटानगर के कई वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने भी संतोष कुमार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है. यह सम्मान निस्संदेह सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के मनोबल को बढ़ाने वाला है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा.

