
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को उनके उल्लेखनीय कार्यों और विशेष सेवाओं के लिए भारत सरकार, गृह मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय सम्मान मेडल और प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 10 सितंबर को भारत सरकार रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड, रेल भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। दक्षिण पूर्व रेलवे से राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले वे अकेले सदस्य हैं।
संतोष कुमार का चयन नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की दक्षता को बनाए रखने, नियमित मॉक ड्रिल और अभ्यास के आयोजन तथा टीम भावना को प्रोत्साहित करने के लिए किया गया है। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने तकनीकी दक्षता के साथ-साथ सामूहिक प्रयासों का महत्व भी सीखा है। उनकी प्रतिबद्धता ने न केवल चक्रधरपुर मंडल बल्कि पूरे दक्षिण पूर्व रेलवे को गौरवान्वित किया है।
संतोष कुमार ने रेलवे के साथ-साथ झारखंड सरकार के विभिन्न अभियानों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान वोटर जागरूकता अभियान चलाए तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ग्रामीण और शहरी सामुदायिक केंद्रों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण देकर प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाने में सहयोग किया।
उन्हें पूर्व में भी कई सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें 69वां रेलवे सप्ताह 2024 पर विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार, पीसीएसओ अवार्ड-2022, सीनियर एसडीजीएम अवार्ड-2018, तीन बार डीआरएम अवार्ड (2002, 2005, 2007) और सिनियर डीईई अवार्ड (2010, 2017) शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने महाराष्ट्र स्थित नागरिक सुरक्षा महाविद्यालय और एनडीआरएफ अकादमी, नागपुर से आपदा प्रबंधन और विशेष बचाव प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
उनके नेतृत्व में “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन, बाजार और पेट्रोल पंपों पर नागरिक जागरूकता मॉक ड्रिल आयोजित कर 25 हजार से अधिक लोगों को आपदा बचाव प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, लगभग दस हजार लोको पायलटों को टाटानगर स्थित इलेक्ट्रिक लोको पायलट ट्रेनिंग सेंटर में मॉक ड्रिल के जरिए प्रशिक्षित किया गया।
संतोष कुमार का यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे और नागरिक सुरक्षा संगठन के लिए गर्व का विषय भी है। उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

