
150 देशों के प्रतिनिधियों के बीच दुबई में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड के संजय मेहता यूनाइटेड नेशन सिमुलेशन कॉन्फ्रेंस के लिए चयनित किए गए हैं. अरब यूथ इंटरनेशनल मॉडल यूनाइटेड नेशन एवं उसकी सहयोगी बेस्ट डिप्लोमेट्स, न्यूयॉर्क ने उनका चयन किया है. कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए संजय को दुबई आमंत्रित किया है.
यह कॉन्फ्रेंस 16 से 19 सितंबर 2022 को दुबई के डबल ट्री बाय हिल्टन एम स्क्वेयर में आयोजित होगा.
एवाईआइएमयूएन अरब यूथ इंटेरनेशनल मॉडल यूनाइटेड नेशन संयुक्त राष्ट्र द्वारा चलाया जाने वाला कार्यक्रम है, जिसमें दुनिया भर के अलग – अलग देशों के युवाओं का बतौर डेलिगेट्स चयन होता है.
कॉन्फ्ऱेन्स में संयुक्त राष्ट्र के ग्लोबल एजेंडा एवं लक्ष्यों के बिंदुओं पर अलग – अलग देशों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा – परिचर्चा का सत्र आयोजित किया जाता है, जहां विभिन्न देशों के चयनित डेलिगेट्स अपने – अपने विचारों का आदान – प्रदान करते हैं.
इस कॉन्फ्ऱेन्स को बेस्ट डिप्लोमेट्स के सहयोग द्वारा आयोजित किया जाता है.
बेस्ट डिप्लोमेट्स यूनाइटेड नेशन के दिशा निर्देशों पर कार्य करने वाली न्यूयॉर्क की संस्था है. बेस्ट डिप्लोमेट्स यूनाइटेड नेशन सिमुलेशन कॉन्फ्ऱेन्स को अरब यूथ इंटरनेशनल, मॉडल यूनाइटेड नेशन के साथ मिलकर आयोजित करती है.
विनोबा भावे विश्वविद्यालय छात्र हैं संजय
संजय मेहता विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के छात्र हैं. हजारीबाग के बरही निवासी संजय यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज हजारीबाग में एलएलएम में अध्ययनरत हैं. संजय के पिता महादेव मेहता होम्योपैथी के चिकित्सक हैं और मां शीला देवी गृहणी है. संजय मेहता ने बताया कि उन्होंने एशिया यूथ इंटरनेशनल के लिए भी आवेदन किया था लेकिन उम्र के कारण चयन नहीं हो पाया था.
अंतत: बेस्ट डिप्लोमेट्स एवं अरब यूथ इंटरनेशनल द्वारा मॉडल यूनाइटेड नेशन कॉन्फ्रेंस के लिए चयन हो गया. श्री मेहता ने कहा कि उन्हें बेसब्री से इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्ऱेन्स की प्रतीक्षा है. उन्होंने कहा कि यहां बहुत कुछ सीखने का अवसर प्राप्त होगा. उन्होंने अपने परिवार, शुभचिंतकों एवं दोस्तों के प्रति आभार जताया है.

