
उदित वाणी, जमशेदपुर : एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह बुधवार के सुबह 10 बजे साकची के नेताजी सुभाष (आम बागान) मैदान में सभा (आशीर्वाद कार्यक्रम) होगी, उसके बाद संध्या सिंह नामांकन दाखिल करेंगी.
मानगो नगर निगम चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पूरी मजबूती से एकजुट हो गया है. मंगलवार को साकची स्थित होटल में एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के पक्ष में सभी घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित हुई. इसमें भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार तथा भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह उपस्थित रहे. सभी नेताओं ने मेयर पद के लिए संध्या सिंह को पूर्ण समर्थन की घोषणा की. उन्होंने कहा कि गठबंधन तन्मयता के साथ चुनावी मैदान में उतरा है तथा उनकी निर्णायक जीत सुनिश्चित करेगा.
संध्या सिंह ने कहा कि मानगो की मूलभूत समस्याओं का समाधान कर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है. वे क्षेत्र की बेटी-बहू होने से जनता के दर्द को निकट से समझती हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रबुद्ध जनता का स्नेह प्राप्त होगा तथा मानगो स्वच्छता, शिक्षा और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा.

