
उदित वाणी, जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर के लिए गुरुवार का दिन खास रहा, जब संथाली फ़ीचर फ़िल्म सोंधार की शूटिंग पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ कॉलेज परिसर में सम्पन्न हुई. फ़िल्म के निर्देशक विजय सिंह, डीओपी राज मोहन सोरेन और उनकी तकनीकी टीम सुबह से ही कॉलेज कैंपस में मौजूद रही, जहां कई महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए गए. मुख्य कलाकार सत्यम सुंदर हांसदा और खुशी टूटू की उपस्थिति ने छात्रों में विशेष उत्साह पैदा किया. शूटिंग देखने और सीखने के लिए काफी संख्या में छात्र इकट्ठे हुए. शूटिंग के दौरान मास कम्युनिकेशन विभाग के प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लिया. विभाग के शिक्षक बापी मुर्मू भी पूरे समय उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रों को फिल्म निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया—कैमरा सेटअप, लाइटिंग, सीन कंपोज़िशन आदि—की बारीकियों से अवगत कराया.
कॉलेज के लिए गर्व की बात
कॉलेज के प्राचार्य मोहम्मद रियाज़ ने कहा कि कॉलेज कैंपस में ‘सोंधार’ जैसी क्षेत्रीय फ़िल्म की शूटिंग होना हमारे लिए गर्व की बात है. इससे छात्रों को व्यावहारिक सीखने का अवसर मिला, जो उनकी पेशेवर शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है.”मास कम्युनिकेशन विभाग की अध्यक्ष डॉ. नेहा तिवारी ने कहा कि हमारे छात्रों ने जिस अनुशासन, उत्साह और जिम्मेदारी के साथ शूटिंग में सहभागिता की, वह प्रशंसनीय है. ऐसे अवसर मीडिया शिक्षा को और मजबूत बनाते हैं और छात्रों को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव देते है.

