
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष संदीप मुरारका ने मारवाड़ी समाज और अग्रवाल सम्मेलन के सदस्यों के नाम एक अपील जारी की है. इसमें उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से आह्वान किया है कि वे आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट होकर समाज के भले के लिए कार्य करें.
झूठी शिकायत पर प्रतिक्रिया
संदीप मुरारका ने बताया कि धर्मचंद्र पोद्दार ने अनुमंडलाधिकारी, धालभूम, पूर्वी सिंहभूम के न्यायालय में अग्रवाल सम्मेलन के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने इसे बेबुनियाद, झूठी, भ्रामक और काल्पनिक बताया और कहा कि यह पूरी तरह से नकारात्मक है.
बैठक का आह्वान
मुरारका ने समाज बंधुओं और अग्रवाल सम्मेलन के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में समाज की 15 प्रमुख संस्थाओं के अध्यक्षों और अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व अध्यक्षों की एक बैठक बुलाई जाए. बैठक में तीनों पक्ष अपनी-अपनी बातें रखें, और समाज जो निर्णय ले, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए. इससे इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान संभव होगा.
पारदर्शिता का विश्वास
संदीप मुरारका ने यह भी स्पष्ट किया कि आय और व्यय का पूरा ब्यौरा और बैंक खाता पूर्णतः पारदर्शी है. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार का कोई गबन नहीं हुआ है. जो राशि पहले से जिस बैंक खाते में थी, वह आज भी वहीं है, और किसी अन्य खाते में कोई ट्रांसफर नहीं हुआ है.
