
उदित वाणी, आदित्यपुर : आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह-सह-आकांक्षा हाट 2025 का आयोजन आदित्यपुर ऑटो कलस्टर परिसर में किया। इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने सरायकेला, गम्हरिया और कुकड़ू प्रखंडों में संचालित योजनाओं, नवाचारों और जनसहभागिता से प्राप्त विकासात्मक उपलब्धियों का प्रदर्शन किया।
समारोह में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता और जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा की उपस्थिति में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कार्यक्रम में कहा, “संपूर्णता अभियान जिला के विकास प्रयासों को समेकित रूप में प्रस्तुत करने का एक प्रभावी मंच है। योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और महिला समूहों की भूमिका अत्यंत प्रशंसनीय रही है।”
उन्होंने यह भी कहा कि आकांक्षी प्रखंडों में सभी संकेतकों पर संतुलित विकास सुनिश्चित करने हेतु पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। गम्हरिया प्रखंड की आकांक्षी रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्ति को उपायुक्त ने सामूहिक जिम्मेदारी और परिश्रम का परिणाम बताया।
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने भी अपने संबोधन में विकास की वास्तविक गति के लिए ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने महिला समूहों की आर्थिक सक्रियता और पंचायतों की निगरानी भूमिका को सराहा, जो जिला को नई ऊंचाइयों तक ले गए।
आकांक्षा हाट के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई, जिसे आगंतुकों द्वारा सराहा गया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, जल प्रबंधन, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा और स्वच्छता जैसे विषयों पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी भी आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और प्रदर्शित गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

