
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी नगर में रहने वाली सलोनी मुखी की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सलोनी का शव उनके कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में मृतका के भाई सारथी मुखी के बयान पर सोनारी थाना में सलोनी के पति उमंग मुखी के खिलाफ गला घोंटकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी उमंग मुखी के घर पर छापेमारी की, लेकिन घर में कोई मौजूद नहीं था। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही उमंग मुखी फरार है। इतना ही नहीं, उसके घर के अन्य सदस्य भी मकान छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
परिजनों ने बताया कि सलोनी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे परिवार को मिली थी। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया। मायके वालों ने शुरू से ही सलोनी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार सलोनी की शादी साढ़े तीन साल पहले उमंग मुखी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही सलोनी का व्यवहार बदला हुआ था और वह अक्सर गुमसुम रहती थी। कुछ समय तक वह अपनी बहन के घर पर भी रह चुकी थी। परिवार का आरोप है कि सलोनी की पहले गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

