
उदित वाणी, जमशेदपुर : संयुक्त ग्राम समन्वय समिति जमशेदपुर के अध्यक्ष राम सिंह मुंडा ने चक्रधरपुर रेल मंडल (DRM) कार्यालय पहुंचकर सालगाझुरी रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण कार्य में हो रही देरी और आम राहगीरों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में उन्होंने मांग की कि जब तक सालगाझुरी अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक पुराने सालगाझुरी–सफेद पहाड़ी पुलिया रोड को अस्थायी रूप से समतल कर आवागमन के लायक बनाया जाए.
राम सिंह मुंडा ने अपने आवेदन में बताया कि टाटानगर के सालगाझुरी रेलवे स्टेशन के पास अंडर ब्रिज निर्माण कार्य की शुरुआत लगभग दो वर्ष पूर्व की गई थी, लेकिन कार्य की गति बेहद धीमी है. इसके कारण ग्रामीण क्षेत्र से आने-जाने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि इस रास्ते से प्रतिदिन लगभग पाँच हजार छोटे वाहनों का आवागमन होता है, जो जमशेदपुर के ग्रामीण इलाकों को शहर से जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग है.
उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन क्षेत्र में सड़क बेहद क्षतिग्रस्त हो चुकी है. समतलीकरण न होने के कारण आए दिन छोटे वाहन चालक और दोपहिया सवार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. कई मामलों में लोगों को हाथ-पैर टूटने जैसी गंभीर चोटें आई हैं.
कमेटी अध्यक्ष ने DRM चक्रधरपुर से जनहित में तुरंत कार्रवाई करते हुए पुराने पुलिया रोड को अस्थायी रूप से दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि निर्माण कार्य पूरा होने तक लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके. उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा यह कदम उठाए जाने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी.

