
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास बुधवार दोपहर चोरी के प्रयास का मामला सामने आया, जहां स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक युवक रंगे हाथ पकड़ लिया गया. घटना क्वार्टर नंबर एफडी-1 की है. घर के मालिक गौतम ने बताया कि उन्होंने एक युवक को ताला तोड़कर घर में घुसने का प्रयास करते देखा. संदेह होने पर जैसे ही वे उसे पकड़ने बढ़े, आरोपी वहां से भाग निकला.
गौतम ने हिम्मत दिखाते हुए पीछा किया. आरोपी भागते हुए एमजीएम अस्पताल परिसर में घुस गया, जहां मौजूद लोगों की मदद से उसे काबू में कर लिया गया. मौके से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद साकची पुलिस की पीसीआर टीम अस्पताल पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया.
पुलिस ने आरोपी की पहचान देवनगर निवासी करण के रूप में की है. तलाशी में करण के पास से एक चाकू बरामद हुआ, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया कि वह चोरी की नीयत से घर में घुसने आया था. घर का टूटा ताला भी इस आशंका की पुष्टि करता है.
साकची थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट है कि आरोपी चोरी की योजना बना रहा था. उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या करण पहले से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है.

