
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची में दिनदहाड़े महिला शिक्षिका से पर्स की छिनतई, दहशत का माहौल
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई छिनतई की एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शीतला मंदिर के समीप ऑटो से उतर रही एक महिला शिक्षिका से बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता की पहचान हेमलता ठाकुर के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी एक परिचित महिला के साथ साकची बाजार में शादी की खरीदारी करने आई थीं। खरीदारी के बाद जैसे ही वह ऑटो से उतर रही थीं, उसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक अचानक वहां पहुंचे और उनके हाथ से पर्स छीनकर तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से वह कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
हेमलता ठाकुर के अनुसार, छीने गए पर्स में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड रखा हुआ था। घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ छिनतई का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के क्रम में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में शहर के व्यस्त इलाकों में लगातार छिनतई की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

