
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सक्रिय है। इसी कड़ी में सोमवार की देर रात साकची थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का माल ढो रहे टेंपो को पकड़ा। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि उनके कुछ अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो दाईगुट्टू साहु लाइन निवासी ओम प्रकाश कुमार और सीतारामडेरा न्यू बाराद्वारी निवासी समीर दत्ता के रूप में की गई है। इनके खिलाफ साकची थाने में आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:45 बजे साकची थाना की गश्ती टीम नियमित भ्रमण पर थी। इसी दौरान एक टेंपो पर पुलिस की नजर पड़ी, जिसमें लोहे और एल्युमिनियम का बीट लदा हुआ था। पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक टेंपो को तेज रफ्तार में भगाने लगा। तुरंत सक्रिय हुई पुलिस ने पीछा किया और अंततः दो आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया। वहीं, बाकी साथी मौका पाकर अंधेरे में फरार हो गए।
पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस दौरान चोरी के नेटवर्क और अन्य शामिल लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। मामले में वाहन मालिक सहित फरार आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस घटना के संबंध में साकची थाने के एसआई उपेंद्र प्रसाद के बयान पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल चोरी के गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना है, बल्कि इससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर भी नकेल कसने में मदद मिलेगी।
