
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के धालभूम क्लब में 12 फरवरी की देर रात डीजे बजाने को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की. रात करीब 1.30 बजे तेज आवाज में संगीत बजाए जाने की शिकायत मिलने पर साकची थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. बताया गया कि पुलिस ने पहले कार्यक्रम आयोजकों को डीजे बंद करने की चेतावनी दी थी, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया. इसके बाद एएसआई प्रवीण लकड़ा के बयान पर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
पुलिस ने मानगो के शंकोसाई रोड नंबर एक निवासी किशोर प्रसाद, सहारा सिटी मानगो के ऑर्गेनाइजर विशाल म्यूजिक उर्फ विशाल कुमार, डीजे मालिक गोलमुरी के टुइलाडूंगरी लाइन नंबर 4 निवासी मुख्तार सिंह तथा जब्त वाहन को आरोपी बनाया है. कार्रवाई के दौरान चार पीस डेजी, चार पीस एम्प्लीफायर और एक पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया.
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों से डीजे संचालन से जुड़े वैध कागजात की मांग की गई, पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया. नियमानुसार, शादी, पार्टी या अन्य समारोह में डीजे बजाने की अनुमति रात 10 बजे तक ही सीमित है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी और मामले में विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

