
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित राज क्लब गणेश पूजा समिति में मंगलवार रात आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जमकर बवाल हुआ. रात करीब 11 बजे हुए इस विवाद ने अचानक फायरिंग का रूप ले लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गयी.
सूत्रों के अनुसार, राहुल तिवारी और सूरज तिवारी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ. देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. इसी दौरान राहुल तिवारी का दोस्त राहुल राय भी विवाद में कूद पड़ा और उसने सूरज तिवारी को जान से मारने की नीयत से देशी कट्टा से फायरिंग कर दी. हालांकि संयोगवश गोली किसी को नहीं लगी और एक बड़ी वारदात टल गयी.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद की शुरुआत कुछ युवकों द्वारा स्टेज पर चढ़कर युवतियों से छेड़खानी करने से हुई थी. जब इसका विरोध किया गया तो मामला बिगड़ गया और मारपीट होने लगी. इसी बीच गोली चलने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी. सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया.
घटना के बाद पूजा समिति के सदस्य सुमंत नायक ने लिखित शिकायत दर्ज करायी, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल तिवारी (26) को गिरफ्तार कर बुधवार को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया.
साकची थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी राहुल राय समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और स्थिति अब नियंत्रण में है.

