
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची इलाके में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा के पीछे खाली पड़ी जगह में रखे कचरे और कबाड़ में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पास में खड़ी कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि वहां खड़ी पांच बाइक और एक साइकिल कुछ ही देर में जलकर पूरी तरह राख हो गयी।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने धुएं का गुबार उठता देखा तो तुरंत शोर मचाते हुए अन्य लोगों को सतर्क किया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक वहां खड़ी अधिकांश गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं।

बताया जा रहा है कि जली हुई बाइकें टाटा स्टील के कर्मचारियों की थीं। कर्मचारी अपनी बाइक पास में खड़ी कर ड्यूटी के लिए कंपनी चले गये थे। इसी दौरान यह घटना हो गयी। जिन कर्मचारियों की बाइक आग की चपेट में आई है उनमें राजेश शर्मा, सतीश कुमार समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने आग लगने के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जतायीं, हालांकि अभी तक आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


