
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित CGPC कार्यालय के समीप शनिवार को अचानक आग लगने से पांच बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल बन गया.
कैसे लगी आग, स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. आशंका जताई जा रही है कि CGPC कार्यालय के पास स्थित झाड़ियों में किसी ने सिगरेट पीकर फेंक दी, जिससे झाड़ियों में आग लग गई. यही आग फैलते हुए पास में खड़ी बाइकों तक पहुंच गई और देखते ही देखते पांचों बाइक इसकी चपेट में आ गईं.
ड्यूटी पर गए थे बाइक मालिक
बताया जाता है कि सभी बाइक सवार टाटा स्टील के ठेका कर्मी हैं. वे CGPC कार्यालय के समीप अपनी बाइक खड़ी कर कंपनी के अंदर ड्यूटी करने गए थे. इसी दौरान यह घटना घटी. आग लगने की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.
इन लोगों की बाइक जली
घटना में जिन लोगों की बाइक जली है उनमें शरत चंद्र महतो, सतीश कुमार, बी. सुधाकर राव और राजेश कुमार शामिल हैं. एक अन्य बाइक सवार की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है.
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. वहीं साकची थाना पुलिस भी पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.

