
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित बिरसा मुंडा स्टैचू के पास गुरुवार देर शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब सड़क किनारे रहने वाले गुलगुलिया समुदाय के लोगों और एक ऑटो चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. देखते-ही-देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया और स्थिति अराजक हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलगुलिया समूह ने आक्रामक रुख अपनाते हुए ऑटो चालक के साथ दुर्व्यवहार किया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया.
घटना के दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवान मौके पर मौजूद थे. उन्होंने बीच-बचाव कर हालात को संभालने का प्रयास किया, लेकिन समूह का उग्र व्यवहार नियंत्रण से बाहर होता गया. बढ़ते तनाव और संभावित हमले से बचने के लिए ऑटो चालक आखिरकार अपनी गाड़ी लेकर वहां से निकल गया, जिसके बाद माहौल धीरे-धीरे शांत हुआ. इस झड़प के चलते करीब एक घंटे तक साकची चौक पर जाम की स्थिति बनी रही और राहगीरों तथा स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
हालांकि इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन घटना ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि गुलगुलिया समूह का बढ़ता प्रभाव सार्वजनिक स्थानों पर खतरे का कारण बनता जा रहा है. स्थानीय लोग और ऑटो चालक संघ ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे समूहों पर जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों और शहर में शांति एवं व्यवस्था बनी रहे.

