
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत हरहरगुट्टू इलाके में शुक्रवार देर रात आपसी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान हरहरगुट्टू निवासी आशीष कुमार भगत के रूप में हुई है, जिसे तत्काल गंभीर अवस्था में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली है, हालांकि सभी फरार बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और पीड़ित के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आशीष भगत को गोली मारने की घटना में रंजन सिंह, बाबू सिंह उर्फ टेपर, राहुल यादव उर्फ छोटू, शुभम प्रसाद और सूरज दास जैसे युवक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले ही इन युवकों ने आशीष को गोली मारने की धमकी दी थी, जिसकी जानकारी भी स्थानीय लोगों को थी।
सूत्रों के अनुसार, घटना की जड़ें बीते दिनों साईं मंदिर के जुलूस में हुए विवाद से जुड़ी हैं। जुलूस में नाचने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद तनाव लगातार बढ़ता गया। इसी रंजिश को अंजाम देते हुए शुक्रवार रात आरोपियों ने आशीष को निशाना बनाया और गोली चला दी।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत दुश्मनी की वजह से यह घटना हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। आशीष की हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में है।


