
उदित वाणी, जमशेदपुर : आरवीएस एकेडमी के प्रांगण में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बुधवार को एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया. इस सभा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था.
सभा में विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा सुमन, विद्यार्थीगण एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई, उसके बाद विद्यार्थियों ने विश्व कैंसर दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए. इस दौरान कैंसर के कारणों, लक्षणों, रोकथाम एवं समय पर जांच के महत्व पर प्रकाश डाला गया.

शिक्षकों ने विद्यार्थियों को तंबाकू व नशे से दूर रहने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित व्यायाम करने की सलाह दी. उप-प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा सुमन ने अपने संबोधन में कहा, “जागरूकता ही कैंसर से लड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है. विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.”
सभा के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वस्थ जीवन अपनाने और कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.

