
उदित वाणी, जमशेदपुर : आर.वी.एस. एकेडमी, मानगो में हिन्दी दिवस बड़े उत्साह और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ मनाया गया. इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में राष्ट्रीय भाषा के प्रति सम्मान और साहित्यिक-सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जुड़ाव को प्रोत्साहित करना रहा.
कार्यक्रम में चेयरमैन बिन्दा सिंह, प्राचार्या वीशा मोहिन्द्रा और उप-प्राचार्या पूजा सुमन की गरिमामयी उपस्थिति रही. शुभारम्भ मनमोहक स्वागत नृत्य से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया. इसके बाद छात्र द्वारा प्रेरणादायक भाषण में हिन्दी को राष्ट्र की एकता का सूत्र बताया गया.

विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने हिन्दी साहित्य की समृद्धता और विविधता को प्रस्तुत किया. “मात्रा एवं शब्द निर्माण” पर आधारित लघु नाटक ने भाषा की संरचनात्मक सुंदरता का प्रदर्शन किया. हरिवंश राय बच्चन की कालजयी कविता “जो बीत गई सो बात गई” के पाठ ने दर्शकों को गहराई तक प्रभावित किया.

मुंशी प्रेमचंद की “पंच परमेश्वर” का नाट्य-प्रदर्शन न्याय, नैतिकता और सामुदायिक भावना का संवेदनशील संदेश लेकर आया. वहीं कविता की गीतमय प्रस्तुति ने संगीत और साहित्य के अद्भुत संगम से आयोजन को खास बना दिया.
इस अवसर पर प्राचार्या वीशा मोहिन्द्रा ने कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान की आत्मा है. इसे सुरक्षित और आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है, ताकि नई पीढ़ी जड़ों से जुड़ी रहकर वैश्विक मंच पर आगे बढ़ सके.
आयोजन का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. इसमें चेयरमैन, प्राचार्या, शिक्षकों और छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया गया. हिन्दी दिवस का यह आयोजन विद्यालय की हिन्दी और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण साबित हुआ.

