
उदित वाणी, जमशेदपुर : जिला में सडक़ सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज पटमदा रोड में मिर्जाडीह के पास चलाए गए वाहन जांच अभियान का नेतृत्व जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) सूरज हेंब्रम ने किया. जांच अभियान मुख्य रूप से सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने पर केंद्रित था.
ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ सुरक्षा नियमों की अनदेखी से हो रहे जानमाल की क्षति के मद्देनजर जांच अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने 100 से अधिक वाहनों की गहन जांच की जिसमें 41 वाहन चालकों से 73000 रू का जुर्माना वसूला गया. जांच में मुख्य रूप से मोटरसाइकिल में ओवरलोडिंग, हेलमेट, बसों में ओवरलोडिंग, कार में सीट बेल्ट और नियमों के विरुद्ध ब्लैक फिल्म के इस्तेमाल की जांच की गई.

