
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आज पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की अध्यक्षता में ग्रामीण क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों की उपस्थिति में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. बैठक में कानून-व्यवस्था की समग्र समीक्षा के साथ-साथ लंबित मामलों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और तकनीकी प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई.
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने विगत माह के लंबित कांडों, वारंट और कुर्की आदेशों की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि फरार अभियुक्तों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में पुलिस की पकड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत बनी रहे.
बैठक के दौरान पासपोर्ट सत्यापन कार्यों की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने स्पष्ट रूप से कहा कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है, इसलिए इसमें अनावश्यक विलंब बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और सटीक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
साथ ही सीसीटीएनएस, आईटीएसएसओ और आई आरएडी जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी प्लेटफॉर्म के उपयोग पर भी बल दिया गया. उन्होंने कहा कि सभी थाना क्षेत्र इन पोर्टलों पर समय से डेटा अपलोड करें, जिससे अपराध विश्लेषण, मॉनिटरिंग और जांच कार्यों में तेजी लाई जा सके.
अंत में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने सभी अधिकारियों से समन्वय, सतर्कता और तत्परता के साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.

