
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रतिष्ठित सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था राजस्थान मैत्री संघ, जमशेदपुर द्वारा संचालित आर एम एस हाई स्कूल खूंटाडीह, सोनारी पहले से ही सीबीएसई एफिलिएशन के साथ उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाएं दे रहा है. इसी क्रम में अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि संघ के दूसरे विद्यालय, आर एम एस हाई स्कूल बालीचेला को भी सीआईएससीई बोर्ड का एफिलिएशन प्राप्त हो गया है, जो राजस्थान मैत्री संघ के लिए एक बड़ी उपलब्धि और गौरव का क्षण है. इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में 16 नवंबर को आर एम एस हाई स्कूल बालीचेला परिसर में प्रिंसिपल, शिक्षिकाओं, एकेडमिक स्टाफ तथा संरक्षक सदस्यों के साथ कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति में एक भव्य एफिलिएशन सेलिब्रेशन आयोजित किया गया.
इस अवसर पर राजस्थान मैत्री संघ जमशेदपुर के संरक्षक रमेश अग्रवाल, राजेंद्र कुमार झुनझुनवाला, महावीर आगीवाल, दीपक डोकानिया, विजय तुलस्यान, उपाध्यक्ष कुमुद अग्रवाल, सह-सचिव वंदना जैन, दीपाली डोकानिया तथा कार्यकारिणी सदस्य सांवर लाल शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित थे. संघ के एक्टिंग अध्यक्ष मनीष जैन ने सभी का स्वागत करते हुए इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर पूरे आर एम एस परिवार को शुभकामनाएं दीं. समारोह में उपस्थित आर एम एस हाई स्कूल बालीचेला सोनारी की प्रिंसिपल प्रतिमा सिन्हा ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने समस्त शैक्षणिक स्टाफ और आर एम एस कमेटी के सहयोग से स्कूल को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

