
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. इस वर्षा का सीधा असर जिले की प्रमुख नदियों – स्वर्णरेखा और खरकई – पर देखा जा रहा है. दोनों नदियों का जलस्तर खतरनाक सीमा के करीब पहुंच चुका है, जिससे निचले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ की आशंका बढ़ गई है.
प्रशासन अलर्ट मोड पर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है और संबंधित विभागों को चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारों की ओर न जाएं और अनावश्यक रूप से डूब प्रभावित क्षेत्रों में न रहें. साथ ही, खतरे की आशंका होने पर ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है.
वर्तमान जलस्तर की स्थिति
स्वर्णरेखा नदी (मानगो पुल क्षेत्र)
खतरे का स्तर: 121.50 मीटर
वर्तमान जलस्तर: 121.300 मीटर
खरकई नदी (आदित्यपुर पुल क्षेत्र)
खतरे का स्तर: 129.00 मीटर
वर्तमान जलस्तर: 128.780 मीटर
स्थानीय निवासियों से अपील
नदी किनारे एवं तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है. प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन दलों को तैनात किया है. सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान रोका जा सके.

