
उदित वाणी, आदित्यपुर: खरकई नदी के जलस्तर में हुई अप्रत्याशित बढ़ोतरी के कारण आदित्यपुर के निचले इलाकों में नदी का पानी प्रवेश कर गया है, जिसके कारण आम लोगों को काफी परेशानियाँ झेलनी पड़ रही है. खरकई पुल के पास की बस्ती व राममड़ैय्या बस्ती के निचले इलाके में स्थित कई घरों में बरसात का पानी घुस गया है. जयप्रकाश नगर और हरिओम नगर के निचले इलाके में पानी घुसने की बात सामने आयी है. सालडीह बस्ती के निचले इलाके में स्थित अनेक घरों में बरसात का पानी घुस गया है. आदित्यपुर-02 के रायडीह बस्ती में केसरी गैस गोदाम के पास नदी का पानी प्रवेश कर गया है, जिसके कारण उक्त सड़क पर आम लोगों की आवाजाही ठप्प हो गई है. वहीं, बेल्डीह बस्ती व भाटिया बस्ती के निचले इलाके के घरों में भी नदी का पानी घुसने की बात सामने आयी है.

