
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में छीनतई की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। दिन के उजाले से लेकर रात तक लोग बिना डर के सड़कों पर निकलने में खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। खासकर सुनसान इलाकों में पैदल चलना या मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना जोखिम भरा साबित हो रहा है। ताज़ा मामला मंगलवार रात का है, जिसने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह घटना अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित सन्नाटा रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी शबाना खातून अपनी बहन के साथ डॉक्टर के पास गई थीं। डॉक्टर से इलाज कराने के बाद दोनों बहनें पैदल ही घर लौट रही थीं। इसी दौरान शबाना खातून मोबाइल फोन पर बात कर रही थीं। तभी अचानक स्कूटी पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने की कोशिश करने लगे।
हालांकि शबाना की सतर्कता और विरोध के चलते अपराधियों की कोशिश नाकाम हो गई। शोर मचाने पर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे स्कूटी सवार युवक वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं और असफल होने पर तेजी से भाग निकलते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इलाके में बढ़ती नशे की लत इस तरह की घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। कई युवा नशे के आदी हो चुके हैं और इसकी पूर्ति के लिए छीनतई जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में फिर से सुरक्षित माहौल बन सके।

