
उदित वाणी, जमशेदपुर: समाहरणालय स्थित सभागार में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में भूमि हस्तांतरण, म्यूटेशन, सीमांकन, किराया संग्रह, परिशोधन, पीजी पोर्टल/सीपीजीआरएएमएस तथा ई-राजस्व न्यायालय (RCMS) से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। बिना वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत न किया जाए तथा अस्वीकृति की स्थिति में स्पष्ट कारण अंकित कर लाभुक को सूचित किया जाए। उन्होंने राजस्व संग्रहण कार्य को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संपन्न करने और इसकी नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।
उन्होंने अंचल क्षेत्र के सभी तालाबों को मत्स्य विभाग को हस्तांतरित कर 15 सितंबर तक बंदोबस्ती कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। नगर निकाय क्षेत्रों में कर संग्रहण को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को सुगम सुविधा उपलब्ध कराने पर भी बल दिया। अपर उपायुक्त ने कहा कि अवैध शराब व अवैध बालू–पत्थर खनन पर विशेष अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी पंचायतों में कम से कम एक वैध बालू घाट संचालन के लिए इच्छुक आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर विभागीय समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि राज्य एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़ी अधिग्रहित भूमि के लंबित मुआवजा भुगतान को शीघ्र सुनिश्चित किया जाए और संबंधित भूमि का म्यूटेशन कार्य प्राथमिकता से पूरा हो। अंचल अधिकारियों को राजस्व अभिलेखों एवं रजिस्टरों का नियमित संधारण और औचक निरीक्षण कर लंबित मामलों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
अपर उपायुक्त ने मानकी, मुंडा, डाकुआ एवं ग्राम प्रधान से संबंधित लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान जुलाई माह तक सुनिश्चित करने को कहा। आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों के शीघ्र निष्पादन तथा आपदा से संबंधित लंबित मामलों की फाइलें एक माह के भीतर जिला मुख्यालय भेजने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने कृषि गणना से संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण करने और सभी पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर बल दिया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला निवेदिता नियति, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतप्ति, जिला अवर निबंधक सरायकेला घासीराम पिंगुआ, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

