
उदित वाणी रांची : पांच साल के इंतजार के बाद झारखंड के लोगों को सरकार चुनने में अपने मन की करने की बारी आ गयी है। चुनाव आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है. 81 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 13 नवंबर व दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। नतीजे 23 नवंबर को घोषित होंगे। झारखंड में विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 5 जनवरी को खत्म हो रहा है।
चुनाव कार्यक्रम : प्रथम चरण
गैजेट नोटिफिकेशन 18 अक्टूबर को जारी होंगे। 25 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 30 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।
चुनाव कार्यक्रम: दूसरा चरण
22 अक्टूबर को गैजेट नोटिफिकेशन जारी किए जाएंगे। 29 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 1 नवंबर को होगी।
85 प्लस के वोटर घर पर ही करेंगे मतदान
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 85 साल के अधिक उम्र के वोटर्स के लिए घर से वोट डालने की सुविधा रहेगी। 12 डी फॉर्म भरने वाले मतदाताओं के घर जाकर मतदान कराया जाएगा। घर से वोटिंग की भी वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वोटिंग प्रक्रिया को आसान और निष्पक्ष बनाने के लिए टेक्नॉलजी का इस्तेमाल किया जाएगा। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को अपने खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी अखबार में तीन बार प्रकाशित करानी होगी।
29 हजार बूथों पर वोट डालेंगे 2.6 करोड़ वोटर्स
राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में 24 जिले की 81 सीटें हैं, इनमें से 44 सामान्य श्रेणी की हैं। अनुसूचित जाति के लिए 9 और अनुसूजित जनजाति के लिए 28 सीटें आरक्षित हैं। झारखंड में कुल 2.06 करोड़ मतदाता है। कुल 29,562 बूथ बनाए जाएंगे। इनमें से 5042 शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 24,520 होगी। एक बूथ पर औसत 881 वोटर्स मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 1271 बूथों का प्रबंधन महिलाओं के हाथ होगा।

