
उदित वाणी, रांची : जमशेदपुर-रांची के बीच फ्लैश चार्जिंग बसें चलेंगी और रांची शहर में भी बसें चलेंगी. जिसमें एक साथ 135 लोग बैठकर यात्रा कर सकेंगे. इन बसों में दिव्यांगजनों के लिए बैठने की सीट आरक्षित रहेंगे. चाय कॉफी के लिए भी अलग से काउंटर होंगे. इन बसों की बिशेषता यह होगी कि महज 15 सेकंड चार्ज होने के बाद बसें 40 किलोमीटर तक चल सकेगी. नागपुर के बाद रांची इस देश का दूसरा शहर होगा. जहां इसकी सौगात दी जा रही है. नागपुर में बसों की आपूर्ति के लिए टाटा कंपनी को ऑर्डर भी दिया जा चुका है.
केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इन तीनों ही मामलों में तुरंत कार्रवाई का निर्देश जारी कर दिया है और रांची-जमशेदपुर में फ्लैश चार्जिंग बसों के संचालन के लिए डीपीआर बनाने का निर्देश दिया है. इससे पूर्व बुधवार को नई दिल्ली में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और उन्हें एक स्मरण पत्र भी सौंपा. जिसमें रांची में फ्लैश चार्जिंग बसें संचालित करने, आउटर रिंग रोड और एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोहराय पेंटिंग कराने का आग्रह किया है. केंद्रीय मंत्री ने रातू रोड एलिवेटेड कारीडोर में पेंटिंग व आउटर रिंग रोड का भी डीपीआर बनाने का निर्देश अधिकारियों को दिया है. बताया गया कि 6500 करोड रुपए की लागत से इसका डीपीआर तैयार किया जाएगा.

