
उदित वाणी, रांची: इधर जैक द्वारा जारी इंटरमीडिएट साइंस में जीएम प्लस टू हाईस्कूल रामगढ़ कैंट की छात्रा दिव्या कुमारी स्टेट टॉपर बनी. दिव्या 479 अंक हासिल की. वहीं दूसरे नंबर पर उर्सूलाइन इंटर कॉलेज रांची की छात्रा खुशी कुमारी ने 476 अंक हासिल की.
जबकि तीसरे नंबर पर दो छात्राओं उर्सूलाइन इंटर कॉलेज की प्रियंका घोष ने व इंटर साइंस कॉलेज हजारीबाग पवन कुमार राणा ने 475 अंक हासिल किया. इसके साथ ही इंटर साइंस की टॉप-10 मेरिट लिस्ट में कुल 29 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया है. टॉप-10 में उर्सूलाइन इंटर कॉलेज 7 छात्राओं ने जगह बनाई है. जबकि 29 में कुल 15 छात्राओं ने ही टॉप-10 में जगह हासिल की है.
वहीं टॉप-10 में कोल्हान प्रमंडल से किसी विद्यार्थी को जगह नहीं मिली है. इस बार इंटर साइंस की परीक्षा में कुल 73833 परीक्षार्थी शामिल हुए थे और 60134 अर्थात 81.45 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की.
जिनमें से 54481 ने प्रथम श्रेणी, 5634 ने द्वितीय श्रेणी व 15 परीक्षार्थियों ने तृतीय श्रेणी के अलावा 4 ने सिर्फ परीक्षा पास की है. इंटर साइंस में भी कोडरमा जिला अव्वल रहा. यहां के 97.02 प्रतिशत विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की. जबकि इंटर साइंस में पाकुड़ जिला फिसडडी रहा.
यहां के सिर्फ 40.32 प्रतिशत विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है. वहीं पूर्वी सिंहभम के 78.59, सरायकेला-खरसवां के 74.13 व पश्चिम सिंहभूम के 70.28 परीक्षार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है.
टॉपरों को मिलेगा ईनाम, सीबीएसई व आईसीएसई के स्टेट टॉपरों को भी दिया जायेगा पुरस्कार
स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के सचिव के रविकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्देश दिया है कि इस बार मैट्रिक व इंटर में प्रथम स्थान पर टॉप करने वाले को ईनाम के रूप में 3 लाख रुपये, एक लैपटॉप और एक मोबाइल दिया जायेगा.
वहीं सेकंड टॉपर को 2 लाख और तीसरे टॉपर को एक लाख के साथ लैपटॉप व मोबाइल मिलेगा. उन्होंने कहा कि सीबीएसई व आईसीएसई के स्टेट टॉपरों को भी उक्त पुरस्कार दिया जायेगा. मुख्यमंत्री ने वैसे बोर्ड में स्टेट टॉप करनेवालों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है.

