
उदित वाणी, जमशेदपुर: रामनवमी महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर जमशेदपुर केन्द्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति का मुख्य प्रतिनिधिमंडल आज अनुमंडल पदाधिकारी से मिला. बैठक में शहर में होने वाले विभिन्न धार्मिक आयोजनों, विसर्जन व्यवस्था, घाटों की स्थिति और यातायात प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.
190 स्थानों पर होगा रामनवमी महोत्सव.
केन्द्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि इस वर्ष जमशेदपुर में लगभग 190 स्थानों पर रामनवमी महोत्सव आयोजित होगा. इसके अतिरिक्त 16 स्थानों पर वसंती दुर्गा पूजा तथा दोमुहानी घाट, सोनारी और स्वर्णरेखा घाट, साकची में चैत्री छठ महापर्व का आयोजन प्रस्तावित है. 28 मार्च को शहर के 12 विसर्जन घाटों पर रामनवमी अखाड़ों का विसर्जन संपन्न होगा.
वहीं 21 मार्च को स्वर्णरेखा घाट, साकची और दोमुहानी घाट, सोनारी में मारवाड़ी समाज की महिलाएं गणगौर पूजन के उपरांत भगवान ईसर-गौरी की प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगी.
विसर्जन घाटों के सुदृढ़ीकरण की मांग.
समिति ने प्रशासन से मांग की कि विसर्जन घाटों को पहले से बेहतर और सुरक्षित बनाया जाए. छठ महापर्व के अवसर पर घाटों की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार डेम से पानी छोड़कर नदी का जलस्तर संतुलित रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
मुख्य मार्गों से हटे तारों का जाल.
बैठक में शहर की सड़कों के ऊपर फैले ऑप्टिकल और अन्य तारों के जाल का मुद्दा भी उठाया गया. समिति का कहना था कि रामनवमी के दौरान बड़े-बड़े ध्वज और अखाड़ों के साथ जुलूस निकालने में इससे काफी परेशानी होती है. प्रशासन से मुख्य मार्गों से ऐसे तार हटाने या व्यवस्थित करने की मांग की गई.
सुगम यातायात और अतिक्रमण हटाने पर जोर.
विहिप के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि रामनवमी अखाड़ों के विसर्जन हेतु लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाया जाए. कार्यकारी अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी ने श्रमिक एकता बजरंग अखाड़ा, पाडी के पूजन स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की, ताकि वहां सुचारु रूप से पूजा संपन्न हो सके.
समिति ने यह भी आग्रह किया कि मुख्य सड़क मार्गों पर अवैध पार्किंग और निर्माण सामग्री के कारण यातायात बाधित न हो, जिससे विसर्जन जुलूस सुगमता से निकल सके.
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी, महासचिव प्रवीण सेठी, सचिव विजय तिवारी, कोषाध्यक्ष दिलजय बोस तथा बजरंग दल संयोजक चंदन दास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

