
उदित वाणी जमशेदपुर: कोल्हान प्रमंडल के ‘ट्राइबल ब्लड मैन’ के नाम से प्रसिद्ध Rajesh Mardi को 7 मार्च 2026 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग (सिलीगुड़ी, विधान नगर) में विशेष सम्मान से नवाजा जाएगा। यह सम्मान देश की राष्ट्रपति Droupadi Murmu के हाथों प्रदान किया जाएगा।
यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय संताल परिषद द्वारा आयोजित दो दिवसीय 9वें अंतरराष्ट्रीय आदिवासी संताल सम्मेलन के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दिया जाएगा। राजेश मार्डी को कोल्हान प्रमंडल में सर्वाधिक 80 बार रक्तदान करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यह गौरव प्राप्त हो रहा है।
20 वर्षों से रक्तदान को बनाया मिशन
राजेश मार्डी पिछले लगभग दो दशकों से रक्तदान को अपना जीवन मिशन बनाकर कार्य कर रहे हैं। वे गांव-गांव जाकर रक्तदान शिविर आयोजित करते हैं और लोगों को इस मानवीय पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं। अब तक 80 बार रक्तदान कर उन्होंने कोल्हान के एकमात्र आदिवासी युवा के रूप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
फिलहाल पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वे घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, लेकिन सम्मान समारोह को लेकर बेहद उत्साहित हैं और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
थैलेसीमिया पीड़ित 10 बच्चों की जिम्मेदारी
राजेश मार्डी ने 10 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को गोद लिया है और उन्हें नियमित रूप से हर माह रक्त उपलब्ध कराते हैं। इनमें झारखंड और ओड़िशा के विभिन्न क्षेत्रों के बच्चे शामिल हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, वीवीडीए झारखंड के सदस्य तथा ‘नई जिंदगी परिवार’ के साथियों ने बधाई दी है।
यह सम्मान न केवल राजेश मार्डी की निस्वार्थ सामाजिक सेवा को राष्ट्रीय पहचान देगा, बल्कि आदिवासी समुदाय में रक्तदान जैसे मानवीय अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

