
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल स्टेशन के पास शनिवार सुबह हुई दुर्घटना के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हादसे के कारण 20 से अधिक ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। इस वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे के अनुसार, टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (18615), टाटा-बक्सर सुपरफास्ट (18183), टाटा-पटना वीबी एक्सप्रेस (20893), टाटा-हटिया मेमू (68035) सहित कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801) को हिजली-आद्रा-बरकाकाना मार्ग से, टाटा-बक्सर सुपरफास्ट को चाकुलिया-आसनसोल मार्ग से, और रांची-हावड़ा एक्सप्रेस (22892) को खरसावां-आद्रा मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
सूची के अनुसार, हावड़ा-चक्रधरपुर एक्सप्रेस (18011) और चक्रधरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (18012) को आद्रा में शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। इसके अलावा, बोकारो, धनबाद, गोमो, बरकाकाना, आसनसोल और बोकारण्ड के मार्ग से होकर गुजरने वाली कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं।
रेल अधिकारियों का कहना है कि चांडिल में हुए हादसे के बाद अप और डाउन दोनों लाइनें बाधित हुईं, जिसके चलते रेल यातायात पर असर पड़ा। ट्रैक की मरम्मत और निरीक्षण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन सामान्य परिचालन बहाल होने में समय लग सकता है।
अचानक हुए इस बदलाव ने यात्रियों को परेशानी में डाल दिया है। कई लोग स्टेशन पर ट्रेन रद्द या मार्ग परिवर्तन की जानकारी न मिलने से घंटों इंतजार करते रहे। रेलवे ने यात्रियों से हेल्पलाइन और स्टेशन सूचना केंद्र से संपर्क कर यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

