
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सिदगोड़ा मेन रोड स्थित 28 नंबर के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को अपनी गाड़ी से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया और तत्काल इलाज के लिए भर्ती कराया. विधायक पूर्णिमा साहू एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद लौट रही थीं, तभी सड़क किनारे घायल लोगों को देख उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और घायलों को अपने वाहन से एमजीएम अस्पताल ले गईं.
अस्पताल पहुंचकर विधायक ने एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक से फोन पर बात कर घायलों का तत्काल उपचार शुरू करवाने का आग्रह किया. उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.
इस दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने एमजीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि अस्पताल में बुनियादी नागरिक सुविधाओं का घोर अभाव दिख रहा है. पर्याप्त व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं हैं और जो हैं, वे भी जर्जर हालत में हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में झारखंड सरकार की लापरवाही और सौतेले रवैये के कारण एमजीएम अस्पताल की स्थिति लगातार बिगड़ती गई है और इसका खामियाज़ा कोल्हान की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.
विधायक ने सरकार से एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की और कहा कि वह इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएंगी, ताकि आम मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल सकें.

