
उदित वाणी, जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने शुक्रवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में आए नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सुने. इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए.
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान प्राप्त आवेदनों में दिव्यांग पेंशन, आधार कार्ड में सुधार, अधूरे नाली निर्माण कार्य, बैंकिंग संबंधी परेशानियां, वोटर कार्ड में नाम जोड़ने, जमीन अतिक्रमण, दुकान आवंटन, नगर निकाय क्षेत्रों में कचरा निस्तारण, जर्जर पुलिया की मरम्मतीकरण, चिकित्सीय सुविधा, अनुकंपा नियुक्ति एवं जमीन विवाद जैसे विषयों से संबंधित आवेदन सम्मिलित थे.

उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. कई मामलों में उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए तत्काल समाधान कराया.
इस दौरान उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत आयोजित पंचायत स्तरीय शिविरों में अनिवार्य रूप से भाग लें, ताकि झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाले आवेदनों का समयबद्ध निपटारा हो सके. उन्होंने यह भी कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त सभी आवेदनों की ट्रैकिंग करें, लंबित मामलों की समीक्षा कर उनकी नियमित प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके.

