
उदित वाणी, सरायकेला: कांड्रा-सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. सड़क की बदहाली के विरोध में शनिवार को सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष और भाजपा नेता मनोज कुमार चौधरी ने अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन किया. उन्होंने सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने के बाद वहां धान की रोपाई कर विरोध जताया.
मनोज चौधरी ने कहा कि यह सड़क कोल्हान क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाती है, लेकिन 65 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है. सड़क पर हजारों गड्ढे बन गए हैं, और बरसात में ये गड्ढे पानी से भरकर तालाब में तब्दील हो जाते हैं. इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर तीन स्थानों पर टोल वसूली की जा रही है, लेकिन सड़क की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. सरकार और जेआरडीसीएल (Jharkhand Road Development Corporation Limited) की अनदेखी से हालात और भी बदतर होते जा रहे हैं.
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़क मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो जनता के साथ मिलकर टोल वसूली का खुलकर विरोध किया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि जब तक सड़क दुरुस्त और सुरक्षित नहीं बनती, तब तक टोल टैक्स नहीं दिया जाएगा.
चौधरी ने लोगों से भी अपील की कि खराब सड़क के लिए टोल चुकाने से इनकार करें, क्योंकि टोल वसूली का मकसद यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधा देना होता है जो कि इस मार्ग पर पूरी तरह नदारद है.

