
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील के वरीय उपाध्यक्ष शहनवाज आलम ने कहा कि टाटा स्टील की व्यावसायिक प्रगति मे श्रमिकों का अहम योगदान रहा है. कई मानव संसाधन युग को देखते हुए आज हम डिजिटल युग मे पहुंचे है, जहां प्रशिक्षण के बिना आप प्रगति नहीं कर सकते हैं.
टाटा स्टील ने यह प्रशिक्षण अवसर देकर हमे आगे बढ्ने का मौका दिया है. उन्होंने कहा कि जो पढ़ते हैं वही आगे बढ़ते हैं. आलम टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय में दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे.
यह कार्यक्रम 16 जनवरी से लेकर 25 जनवरी के बीच चला. इसमें यूनियन के 24 कमेटी मेम्बरों ने हिस्सा लिया. भारत सरकार के शिक्षा अधिकारी पशुपति नाथ साह ने बताया कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड के सभी अधिकारियों, टाटा स्टील के चीफ ग्रुप एचआर एवं आईआर ज़ुबिन पालिया एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी सहित उद्यमी संजय सब्बरवाल, उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद और जयदेव उपाध्याय ने प्रशिक्षण दिया.
संजय कुमार , क्षेत्रीय निदेशक ,राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड ने कहा कि देश के विकास में टाटा समूह का अमूल्य योगदान है, जिसे सिर्फ देखा ही नहीं बल्कि महसूस भी किया जा सकता है.
बोर्ड के वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी राज किशोर गोप ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि जो टाटा की सेवा करता है वह राष्ट्र की सेवा करता है. आज का दौर स्किल का है एवं यह प्रशिक्षण आपको कौशल युक्त बनाएगा.

